छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान, 29 मई से नामांकन प्रक्रिया होगी शुरू

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर चुनाव कार्यक्रम और सदस्यता अभियान की घोषणा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूपेश बघेल, दीपक बैज, अमित पठानिया, मोनिका मांडरे, जसप्रीत सिंह एवं वर्तमान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा  मौजूद रहे।

नेताओं ने कहा कि कांग्रेस में पहले सदस्यता अभियान और उसके बाद चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जाती है। युवा कांग्रेस को पार्टी का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा गया कि अब “Gen Z” का दौर है और युवाओं का लोकतंत्र पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। प्रेसवार्ता में कहा गया कि युवा कांग्रेस चुनाव में 90 के दशक के बाद के युवा नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे।

इस दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश आर्थिक आपातकाल की ओर बढ़ रहा है और ऐसा प्रतीत होता है कि देश अमेरिका के प्रभाव में फंस चुका है। लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि को लेकर भी सरकार की आलोचना की गई।

29 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

युवा कांग्रेस चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आज से पिछली कमेटी को निरस्त माना जाएगा। 29 मई से ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। प्रदेश में पांच जोन बनाए जाएंगे, जिनके लिए ZRO नियुक्त किए जाएंगे।

11 से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि 14 जून को नामांकन शुल्क जमा करने की सुविधा रहेगी। नामांकन से संबंधित आपत्तियां और शिकायतें केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। 15 जून तक सभी शिकायतों और विरोधों का निराकरण किया जाएगा।

सदस्यता के लिए तय किए गए नियम

युवा कांग्रेस सदस्यता के लिए 18 से 35 वर्ष तक के युवा पात्र होंगे। सदस्य भारत का नागरिक होना चाहिए तथा किसी अन्य राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होना चाहिए। सदस्यता और शिकायत की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।

फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। साथ ही लाइव फोटो और 8 सेकंड का वीडियो अपलोड करना होगा, जिसमें सदस्यता की सहमति देनी होगी। 28 मई 1999 से 28 मई 2005 के बीच जन्मे युवा सदस्य बन सकेंगे।

आयु प्रमाण के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट अथवा अन्य वैध पहचान पत्र अनिवार्य किए गए हैं। जिला अध्यक्ष, प्रदेश सचिव और प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का इंटरव्यू भी लिया जाएगा।

जोनवार आरक्षण की घोषणा

  • बस्तर जोन – कांकेर सीट ST वर्ग के लिए आरक्षित
  • सरगुजा जोन – सरगुजा सीट SC वर्ग के लिए आरक्षित
  • बिलासपुर जोन – कोरबा सिटी ST वर्ग के लिए आरक्षित
  • रायपुर जोन – बलौदाबाजार SC वर्ग के लिए आरक्षित
  • दुर्ग जोन – बेमेतरा ST वर्ग के लिए आरक्षित
Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment