पिता संदीप अग्रवाल और माता अनुराधा अग्रवाल के संस्कारों ने गढ़ा सफलता का सितारा —
दल्लीराजहरा।शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहने वाले अग्रवाल एवं मित्तल परिवार ने एक बार फिर नगर और जिले को गौरवान्वित करने का कार्य किया है। दल्लीराजहरा के प्रतिष्ठित व्यवसायी संदीप (सोनू) अग्रवाल एवं शिक्षित एवं संस्कारित व्यक्तित्व की धनी अनुराधा अग्रवाल के सुपुत्र मानस अग्रवाल ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 93.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे दल्लीराजहरा नगर में प्रथम तथा बालोद जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। मानस की इस शानदार सफलता से पूरे दल्लीराजहरा नगर, सर्व समाज, स्कूल परिवार एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
डीएवी स्कूल दल्लीराजहरा में अध्ययनरत मानस अग्रवाल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और परिवार से मिले मार्गदर्शन के बल पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नगरवासियों का कहना है कि खेल, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों में हमेशा अग्रणी रहने वाली लौह नगरी दल्लीराजहरा ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मानस ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़ी बहन मौली अग्रवाल, पूरे परिवार तथा स्कूल के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बहन मौली अग्रवाल ने कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद पहले ही प्रयास में नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शासकीय मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में प्रवेश हासिल किया, जिससे उन्हें लगातार प्रेरणा मिलती रही। मानस ने कहा कि परिवार के संस्कार, माता-पिता का मार्गदर्शन और शिक्षकों का सहयोग ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा।
आगे की पढ़ाई को लेकर मानस ने बताया कि वह बीबीए, एफआरएम एवं सीएफए की तैयारी करना चाहते हैं और इसके लिए किसी प्रतिष्ठित कॉलेज में प्रवेश लेने हेतु परिवार एवं विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर रहे हैं। कम उम्र में ही वित्तीय एवं प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का उनका सपना युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनता जा रहा है।
डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल जी.वी. राजशेखर राव ने मानस को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि मानस शुरू से ही प्रतिभाशाली, अनुशासित और बहुमुखी प्रतिभा के धनी विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी मानस की सक्रिय भागीदारी हमेशा देखने को मिली है। ऐसे परिणाम पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का विषय होते हैं और आने वाले समय में मानस निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
वहीं क्लास टीचर सरिता द्विवेदी ने कहा कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि मानस उत्कृष्ट अंकों के साथ स्कूल और नगर का नाम रौशन करेंगे। उन्होंने मानस को बेहद अनुशासित, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित विद्यार्थी बताते हुए कहा कि उनका भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है।
मानस अग्रवाल की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि परिवार का मार्गदर्शन, शिक्षकों का सहयोग और स्वयं का समर्पण साथ हो तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। दल्लीराजहरा नगर के लिए मानस की यह उपलब्धि केवल एक परीक्षा परिणाम नहीं बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उभरती नई पहचान और नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8192773
Total views : 8228733