समाजसेवा की मिसाल बन रही हैं मोहनी साहू , जनजागरूकता और सेवा कार्यों से जीत रहीं लोगों का दिल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

धमतरी। गोकुलपुर वार्ड निवासी मोहनी साहू आज समाजसेवा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी नाम बन चुकी हैं। प्रदेश अध्यक्ष, जय छत्तीसगढ़ महतारी महिला सेवा संस्थान एवं अधिवक्ता लिपिक के रूप में कार्य करते हुए मोहनी साहू लगातार समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके द्वारा किए जा रहे जनसेवा और जागरूकता अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।


मोहनी साहू का उद्देश्य केवल समाजसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कर रही हैं। सड़क सुरक्षा अभियान, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता अभियान, वृद्ध एवं बुजुर्गों की सेवा-सहायता जैसे अनेक सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी समाज के लिए प्रेरणा बन रही है।


गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर मोहनी साहू मानवता की मिसाल पेश कर रही हैं। समय-समय पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान कर वे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार भी करती हैं।


मोहनी साहू द्वारा जागरूकता फैलाने के लिए नाटक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिनमें अंगदान महादान, रक्तदान, नेत्रदान तथा सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाता है। उनके कार्यक्रमों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।


समाजहित में निरंतर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए मोहनी साहू को उत्कृष्ट कार्यकर्ता सम्मान, छत्तीसगढ़ महतारी सम्मान, समाज गौरव सम्मान, नारी शक्ति सम्मान एवं मदर टेरेसा सम्मान जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है।


मोहनी साहू की सेवा भावना, सरल व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें लोगों के बीच एक मजबूत सामाजिक पहचान दिलाई है। आज वे महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment