डोंगरगढ़ में दो दिनों में एक ही जगह दो हादसे, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सड़क हादसे, यातायात व्यवस्था पर सवाल

राजा शर्मा ब्यूरो प्रमुख डोंगरगढ़

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अछोली गांव में लगातार दो दिनों के भीतर एक ही स्थान पर हुए सड़क हादसों ने पुलिस और यातायात प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क किनारे लंबे समय से खड़े भारी वाहनों को हटाने में बरती जा रही लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ती नजर आ रही है।


पहले हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।


डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अछोली गांव के पास डोंगरगढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों का अवैध और लापरवाहीपूर्वक खड़ा होना अब हादसों की बड़ी वजह बनता जा रहा है।


शुक्रवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े एक हाइवा वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ समय तक प्रशासनिक हलचल जरूर दिखाई दी, लेकिन सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाने या सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


इसी लापरवाही का नतीजा अगले ही दिन फिर सामने आया। बीती रात उसी स्थान पर एक और बड़ा हादसा हो गया, जब एक ट्रक सीधे उसी हाइवा से जा भिड़ा। इस दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार दो दिनों में एक ही स्थान पर हुए हादसों ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे भारी वाहन घंटों नहीं, बल्कि कई-कई दिनों तक खड़े रहते हैं, जिससे खासकर रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस और संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय आंख मूंदे बैठे रहते हैं।

“यहां रोज हाइवा और ट्रक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। रात में कुछ दिखाई नहीं देता और हादसे होते रहते हैं। पुलिस सिर्फ हादसे के बाद पहुंचती है, पहले कोई कार्रवाई नहीं करती।”


सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पहले हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई थी, तब प्रशासन ने तत्काल सड़क से भारी वाहनों को हटाने और सुरक्षा इंतजाम करने की जरूरत क्यों नहीं समझी?

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment