सिरगिट्टी क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में संदिग्ध घटना, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर, बुधवार : शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज एवं संदिग्ध घटना सामने आई। ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से युवक और युवती के गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिलाषा परिसर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की छत से दोनों के गिरने की घटना अचानक हुई, जिससे आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। यह आत्महत्या का मामला है, हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच जारी है।
मृतक की पहचान चिरंजीवी पांडे उर्फ चिंटू (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। वह मूल रूप से बिहार का निवासी बताया जा रहा है, जबकि उसके परिजन टाटानगर में रहते हैं। वहीं घायल युवती की पहचान महिमा श्री के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य कारण की बारीकी से जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8185162
Total views : 8218293