मुरा में 26वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 512 मरीजों का उपचार, 28 मरीज ऑपरेशन के लिए रेफर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अगले दो दिनों में 30 और मरीजों की होगी शल्य चिकित्सा
तिल्दा नेवरा


स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित लखनलाल मिश्र की पुण्यस्मृति में ग्राम मुरा स्थित पं. लखनलाल मिश्र सेवा परिसर में रविवार को आयोजित 26वें नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर में 512 मरीजों का उपचार किया गया। सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं।

चिकित्सकीय जांच के दौरान 28 मरीजों को उन्नत उपचार और ऑपरेशन के लिए मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा अगले दो दिनों में लगभग 30 अन्य मरीजों को भी शल्य चिकित्सा के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। इन मरीजों के ऑपरेशन, उपचार, आवागमन, रहने और भोजन का पूरा खर्च आयोजकों की ओर से वहन किया जाएगा।

शिविर में लगभग 230 लोगों की नेत्र जांच की गई, जबकि 430 लोगों ने बीपी और शुगर की जांच कराई तथा 12 लोगों ने ई एन टी जांच करायी। इसके साथ ही 45 शिशुओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पं. लखनलाल मिश्र की आवक्ष प्रतिमा पर माल्यार्पण और तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेयी सहित संघ के लगभग 15 सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) एवं पूर्व आईएएस गणेश शंकर मिश्र ने कहा कि पिछले ढाई दशकों से यह स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित हो रहा है, जिससे हजारों ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है। उन्होंने अपने पिता और स्वतंत्रता सेनानी पंडित लखनलाल मिश्र को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर राष्ट्र को सर्वोपरि रखा और अपने बलिदान के बदले सरकार से कभी कुछ नहीं लिया।

इस अवसर पर योग आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) रूपनारायण सिन्हा ने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि हमारी धरती पर पंडित लखनलाल मिश्र जैसे त्याग और समर्पण के प्रतीक स्वतंत्रता सेनानी हुए, जिन्होंने राष्ट्र को सदैव सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में जनसेवा के कार्य होना पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है।

स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल ने कहा कि उन्हें गर्व है कि स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य गणेश शंकर मिश्र पिछले ढाई दशकों से अपने क्षेत्र की भलाई के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने इसे एक पुनीत कार्य बताते हुए सच्ची राष्ट्रसेवा का उदाहरण बताया।

कार्यक्रम का संचालन सौरभ विश्वनाथ मिश्र ने किया, जबकि अंत में चिचोली के पूर्व सरपंच राजकुमार ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सरजू साहू, लेखु सेन, पुरुषोत्तम साहू, जगदीश वर्मा, कौशल साहू, अजय तिवारी, विश्वनाथ वर्मा, संतोषी वर्मा, केवरा वर्मा, विद्याभूषण वर्मा, राजेंद्र वर्मा, राजेंद्र खुंटे, खेमा नायक, दिलराज छाबड़ा, मुकेश वर्मा, दिनेश नायक, तुलसी वर्मा, प्रकाश वर्मा, प्रेम गिलहरे, चंद्रकुमार डड़सेना, कृष्णा कुर्रे, छगन यादव, सरजू निषाद, राधे निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मितानिन पुष्पा संगहरे, कुमारी रात्रे, रमेश्वरी वर्मा और द्रौपदी भी कार्यक्रम में उपस्थित थीं

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment