तिरुवनंतपुरम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केरल दौरे पर रहेंगे, जहां वे करीब 10,800 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हालांकि, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और उनके मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल न होने का फैसला लिया है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के थलापाडी–चेंगला खंड के उद्घाटन समारोह में राज्य के लोक निर्माण मंत्री मोहम्मद रियाज को आमंत्रित नहीं किया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने निर्णय लिया कि मुख्यमंत्री और राज्य के मंत्री कोच्चि में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।
बताया जा रहा है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना में राज्य सरकार की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। जमीन अधिग्रहण के लिए राज्य सरकार ने करीब 5,600 करोड़ रुपये का योगदान दिया था। राज्य सरकार का मानना है कि केंद्र सरकार इस परियोजना का पूरा श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जबकि यह राज्य का भी महत्वपूर्ण ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है।
समारोह के लिए भाजपा के राज्य अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के नाम शामिल किए गए हैं। वहीं मंत्री एन.बी. राजेश का नाम सूची में होने के बावजूद उन्होंने भी कार्यक्रम में शामिल न होने की बात कही है।
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की कोच्चि रिफाइनरी में पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वे सड़क अवसंरचना क्षेत्र की दो प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें एनएच-66 के थलापाडी–चेंगला खंड का छह लेन निर्माण (लगभग 2,650 करोड़ रुपये) और वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास (लगभग 2,140 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी 23 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन करेंगे। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत शोरानूर जंक्शन, कुट्टीपुरम और चांगनास्सेरी रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण का लोकार्पण भी करेंगे।
पीएम मोदी शोरानूर–नीलाम्बुर रोड रेलवे लाइन के विद्युतीकरण का उद्घाटन करेंगे और पलक्कड़–पोलाची के बीच नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही वे कोल्लम जिले के पश्चिम कल्लाडा में 50 मेगावाट की फ्लोटिंग सौर ऊर्जा परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165760
Total views : 8191816