रायगढ़: रायगढ़ जिले में ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में सक्ती और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ते हुए करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट (निवासी अजमेर, राजस्थान) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 करीब 8–9 दिनों से एक 17 वर्षीय किशोर हेल्पर के साथ चल रहा था।
5 मार्च को वह हेल्पर के साथ जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) रायगढ़ पहुंचे थे, जहां ट्रेलर में लगभग 41 टन लोहे का एंगल (कीमत करीब 20 लाख रुपये) लोड कराया गया।
7 मार्च की शाम ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे खड़ा किया गया था। उसी दौरान चालक कागजात जांच कराने कार्यालय गया। करीब एक घंटे बाद लौटने पर ट्रेलर वहां नहीं मिला। हेल्पर का मोबाइल भी बंद मिला, जिससे ट्रेलर चोरी होने की आशंका जताई गई।
मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी के निर्देश पर जिले में नाकेबंदी कर आसपास के जिलों को भी सूचना दी गई।
सघन चेकिंग के दौरान सक्ती जिले के टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रोक लिया और इसकी सूचना कोतरारोड़ पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपी किशोर को अभिरक्षा में लेकर ट्रेलर सहित लोहे का एंगल जब्त कर लिया।
पूछताछ में किशोर ने ट्रेलर चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 लाख रुपये कीमत का ट्रेलर और 20 लाख रुपये कीमत का 41 टन लोहे का एंगल बरामद किया है। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की तत्परता से इस बड़ी वाहन चोरी का त्वरित खुलासा हो गया।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164679
Total views : 8190322