रायगढ़: जिले के परसकोल में पुलिस पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण की मौत के बाद मामला गरमा गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, मुआवजा और पीड़ित परिवार को नौकरी देने की मांग की। मामले में दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि थाना प्रभारी (टीआई) के खिलाफ जांच की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार हत्या के एक मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।
गुरुवार शाम को प्रदर्शनकारियों ने National Highway 49 पर चक्काजाम कर दिया। आंदोलनकारियों ने मृतक के परिजनों के लिए 1 करोड़ रुपये मुआवजा, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। इस दौरान प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच कई घंटों तक चर्चा हुई, लेकिन शुरुआत में ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इसी बीच Umesh Patel, विधायक खरसिया, भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों की जानकारी ली। देर रात विधायक की मौजूदगी में प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच समझौता हुआ। इसके तहत दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मजिस्ट्रियल जांच कराने, जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच करने, मृतक की पत्नी को कलेक्टर दर से आसपास के शासकीय स्कूल में नौकरी देने और मुआवजा राशि देने पर सहमति बनी।
समझौते के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मजिस्ट्रियल जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8183608
Total views : 8216179