रायपुर: राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का ठिकाना बदल दिया गया है। अब पुलिस कमिश्नर का कार्यालय सी-3 बंगले में स्थानांतरित कर दिया गया है। गुरुवार से यहां से ही कार्यालय का कामकाज शुरू हो गया है।
इससे पहले पुलिस कमिश्नर कार्यालय पुराने राजस्व आयुक्त कार्यालय से संचालित हो रहा था। अब इसे नए स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
गृहमंत्री का पूर्व निवास था सी-3 बंगला
सी-3 बंगले में पहले विजय शर्मा का निवास था, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री हैं। उनके नवा रायपुर शिफ्ट होने के बाद यह बंगला खाली हो गया था। इसी वजह से अब इस भवन को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के रूप में उपयोग किया जा रहा है।
पहले पुलिस कमिश्नर ने संभाला कार्यभार
रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला गुरुवार से नए कार्यालय में बैठकर कामकाज संभाल रहे हैं। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले भी नए कार्यालय से ही कार्य करेंगे।
23 जनवरी से लागू हुई पुलिस कमिश्नर प्रणाली
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 जनवरी 2026 से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू की गई है। वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला को शहर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
डॉ. शुक्ला का जन्म 8 जनवरी 1967 को हुआ। उन्होंने रायपुर से पढ़ाई कर एम.कॉम की डिग्री प्राप्त की है और पूर्व में रायपुर के एसएसपी पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे सीआईडी में प्रमुख अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले पुलिस पदक से वर्ष 2010 और 2022 में सम्मानित किया जा चुका है।
Author: Deepak Mittal









