नई दिल्ली: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने आय से अधिक संपत्ति (DA) के मामले में ऑर्डनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री, हजरतपुर (फिरोजाबाद) के तत्कालीन चीफ जनरल मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारी वर्तमान में ट्रूप कम्फर्ट्स लिमिटेड ट्रेनिंग एकेडमी, कानपुर में तैनात बताए गए हैं।
CBI के अनुसार, आरोपी अधिकारी इंडियन ऑर्डनेंस फैक्ट्री सर्विस (बैच 1998) से हैं। आरोप है कि 1 अप्रैल 2022 से 31 दिसंबर 2025 के बीच उन्होंने अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की। जांच में सामने आया कि उनके पास 55,58,471 रुपये की संपत्ति पाई गई, जो उनकी वैध आय से 73.28 प्रतिशत अधिक है और जिसका संतोषजनक हिसाब वह नहीं दे सके।
5 स्थानों पर तलाशी
केस दर्ज होने के बाद CBI ने सक्षम अदालत से सर्च वारंट हासिल कर 27 फरवरी 2026 को आगरा, लखनऊ, बरेली और कानपुर में आरोपी से जुड़े पांच आवासीय व कार्यालय परिसरों पर छापेमारी की।
49 लाख की ज्वेलरी और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान एजेंसी को अचल संपत्तियों, बैंक पासबुक, क्रेडिट कार्ड और वाहनों से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
आगरा, लखनऊ और बरेली स्थित तीन मकानों की संपत्ति संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए। जानकारी के मुताबिक, आगरा में फ्लैट वर्ष 2025 में और लखनऊ में फ्लैट 2023 में खरीदा गया था।
इसके अलावा आगरा और लखनऊ स्थित घरों से करीब 49 लाख रुपये की ज्वेलरी और लगभग 5 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। विभिन्न निवेश और खर्च से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
CBI ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8234458
Total views : 8281440