Chennai: तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख और अभिनेता Vijay की पत्नी Sangeeta Sornalingam ने चेंगलपट्टू परिवार न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने विजय पर एक अभिनेत्री के साथ “व्यभिचारी संबंध” होने का आरोप लगाया है।
परिवार न्यायालय में दाखिल याचिका के अनुसार, अप्रैल 2021 में सांगीता को कथित रूप से यह जानकारी मिली कि उनके पति का एक अभिनेत्री के साथ अवैध संबंध है। याचिका में कहा गया है कि इस खुलासे से उन्हें गहरा भावनात्मक आघात और मानसिक पीड़ा हुई, जो वैवाहिक विश्वास के उल्लंघन के समान है।
सांगीता ने आरोप लगाया है कि विजय ने कथित अभिनेत्री के साथ सार्वजनिक रूप से मेलजोल जारी रखा, विदेश यात्राएं कीं और कार्यक्रमों में साथ नजर आए। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि अभिनेत्री द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों पर विजय ने कोई आपत्ति या खंडन नहीं किया, जिससे उन्हें परोक्ष समर्थन मिला।
इसके अलावा, याचिका में आरोप है कि 2021 से विजय भावनात्मक रूप से उनसे दूर होते गए, मौखिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया और उन्हें वैवाहिक घर से बाहर रहने को मजबूर किया। सांगीता का कहना है कि इस स्थिति से उनके बच्चों को भी शर्मिंदगी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि विजय और सांगीता की पहली मुलाकात 1996 में हुई थी। श्रीलंका मूल की सांगीता का पालन-पोषण ब्रिटेन में हुआ। दोनों ने 1998 में यूके में विवाह पंजीकृत कराया और 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। दंपति के दो बच्चे हैं—बेटा जेसन और बेटी दिव्या।
इस मामले में विजय या उनकी ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Author: Deepak Mittal









