कोरबा: नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसा मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई झरना के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे कोरबा की ओर से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर और अंबिकापुर की दिशा से आ रहा सीमेंट ट्रक तेज रफ्तार में थे। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। कोयला लदे ट्रेलर का चालक समय रहते वाहन से कूदकर बाहर निकल गया, जबकि सीमेंट ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और मौके पर ही उसकी जिंदा जलकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन कटघोरा से रवाना होने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8160014
Total views : 8183126