बीजापुर: जिले के दक्षिण क्षेत्र में सोमवार को एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान प्रेशर IED में हुए विस्फोट से स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का एक जवान समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए प्रेशर IED के कारण हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम नियमित एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर जंगल क्षेत्र में सर्चिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान जवानों का पैर पहले से बिछाए गए प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर STF का एक जवान और एक अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद अन्य जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान तेज कर दिया। घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से IED प्लांट किया था। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
Author: Deepak Mittal









