दुर्ग: शहर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शिवनाथ नदी के पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत चिखली के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने चिखली स्थित पुल के नीचे एक व्यक्ति की लाश पड़ी देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव की स्थिति को देखते हुए शुरुआती तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पहचान की कोशिश जारी
अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हालांकि जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बाएं हाथ पर ‘गौतम चंद’ नाम का गोदना (टैटू) मिला है। इसी आधार पर पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8159241
Total views : 8181901