सक्ती: जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कांसा में मजदूर के अपहरण के मामले में पुलिस ने ठेकेदार समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूर को जबरन कार में बिठाकर ले गया था।
जानकारी के अनुसार, मजदूर राकेश भारद्वाज को ईंट भट्टे में काम करने के लिए अग्रिम राशि दी गई थी। काम पर नहीं जाने को लेकर ठेकेदार और मजदूर के बीच विवाद हो गया। इसके बाद ठेकेदार नरेश कुमार टंडन, शिव टंडन, देवानंद भारद्वाज, कीर्तन खांडे और परमेश्वरी टंडन ने कथित रूप से मजदूर का अपहरण कर लिया।
मजदूर की पत्नी ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ठेकेदार अन्य प्रदेशों के ईंट भट्टों में मजदूरों की सप्लाई का काम करता है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार और एक महिला समेत सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Deepak Mittal









