कोरबा: जिले के कटघोरा में पदस्थ रहे एक कृषि मंडी अधिकारी को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायगढ़ जिले से पकड़कर कटघोरा लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि कटघोरा कृषि मंडी में पदस्थ राहुल साहू ने उससे दोस्ती की और शादी का प्रलोभन देकर करीब एक वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिससे वह उसके झांसे में आ गई।
महिला के अनुसार, इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी, लेकिन अचानक राहुल साहू ने अपना फोन बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गया। किसी तरह संपर्क होने पर आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और कथित रूप से धमकी भी दी।
मामले में कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने महिला की शिकायत पर यौन उत्पीड़न का प्रकरण दर्ज किया। एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि राहुल साहू रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में पदस्थ है। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी को कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8201835
Total views : 8240137