बेंगलुरु: शहर के कोरमंगला स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेलिब्रिटी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान एक अभिनेत्री के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक घटना सामने आई है। अभिनेत्री और एक रियलिटी शो की कंटेस्टेंट ने आरोप लगाया है कि वॉशरूम में उनका चोरी-छिपे वीडियो बनाया गया और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया गया।
पीड़िता ने साइबर क्राइम पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि टूर्नामेंट के दूसरे दिन जब वह वॉशरूम में थीं, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में आरोपी ने कथित वीडियो और तस्वीरें उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर भेजीं और उनकी एक करीबी मित्र को भी फॉरवर्ड कर दीं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे संदेश ‘स्वान.3704722’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से भेजे गए हैं। फिलहाल उस अकाउंट के पीछे मौजूद व्यक्ति की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अब तक आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









