रायपुर: ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस महानिरीक्षक Amresh Mishra के निर्देश पर रेंज साइबर थाना द्वारा मुख्य आरोपियों के विरुद्ध तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर प्रभावी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना राखी और धरसीवां में ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले दर्ज किए गए थे।
प्रार्थी पारस कुमार धीवर ने थाना राखी में 24 लाख रुपये की साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर अपराध क्रमांक 224/24 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
वहीं प्रार्थी ललित साहू ने थाना धरसीवां में 34 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में अपराध क्रमांक 179/24 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के अंतर्गत बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम एप से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान की गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को राजस्थान और महाराष्ट्र भेजा गया। पूर्व में भवानी सिंह (अजमेर), उत्पल पंचारिया (जोधपुर) और साहिल संतोष (नासिक) को गिरफ्तार किया गया था।
अब आशीष परिहार (28), निवासी नसीराबाद, जिला अजमेर (राजस्थान) तथा लक्ष्मण देवाशी (37), निवासी भारला पाली (राजस्थान) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8157008
Total views : 8178305