रायगढ़: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन “आघात” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
नाकेबंदी में पकड़ी गई कार
पुलिस को मिले सटीक इनपुट के आधार पर बालसमुंद नाला के पास पहाड़ मंदिर रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG 13 AM 3522) को रोका गया। वाहन से संदिग्ध गंध आने पर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने कार में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
डिक्की से 21.378 किलो गांजा बरामद
वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। डिक्की से 20 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका विधिवत वजन कराने पर कुल 21.378 किलोग्राम मादक पदार्थ पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजित सिंह (50 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07 चांदमारी स्कूल के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा खरीदकर रायगढ़ में खपाने लाया था।
10 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर 21.378 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹2 लाख), स्विफ्ट डिजायर कार (कीमत लगभग ₹8 लाख) और तस्करी में प्रयुक्त वन प्लस मोबाइल (कीमत ₹18 हजार) जब्त किया है। कुल मिलाकर ₹10.18 लाख की संपत्ति जप्त की गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 20(B) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8203299
Total views : 8242006