Jaipur: राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जयपुर-टोंक रोड पर जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से एक ट्रक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि कार के उड़े परखच्चे
पुलिस के अनुसार कार जयपुर से टोंक की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि मृतकों में एक महिला भी शामिल है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।
कुछ देर बाधित रहा ट्रैफिक
हादसे के बाद जयपुर-टोंक रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद ट्रैफिक सुचारु किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के सटीक कारणों का खुलासा करने की बात कह रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal









