ताजा खबर

मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क उजागर, 14 लाख की नशीली दवाइयां जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जगदलपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट का खुलासा करते हुए जगदलपुर और नबरंगपुर से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामाडोल की भारी खेप जब्त की है। जब्त सामग्री में कुल 440 पत्ते और 3,520 कैप्सूल शामिल हैं, जिनका कुल वजन लगभग ढाई किलोग्राम और बाजार मूल्य करीब 14 लाख रुपये बताया जा रहा है।

युवाओं को बनाई जा रही थी निशाना

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जगदलपुर का आरोपी शहर के युवाओं को नशीली टैबलेट बेचता था, जबकि इसकी सप्लाई ओडिशा के नबरंगपुर से की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, यह एक सुनियोजित अंतरराज्यीय नेटवर्क था, जिसके जरिए प्रतिबंधित दवाओं की अवैध तस्करी की जा रही थी।

मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था कारोबार

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सप्लायर मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले जगदलपुर में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ओडिशा पहुंची, जहां से दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment