पहाड़ी इलाके में भड़की आग, वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal


उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के सीतानदी रेंज की घटना, तेज हवाओं से बढ़ी चुनौती

धमतरी: जिले के उदन्ती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व के सीतानदी रेंज में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पहाड़ी इलाकों तक पहुंच गई। फायर सीजन शुरू होने से पहले लगी इस आग ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग घठुला से बोरई अंगिरा ऋषि पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। आसपास के इलाकों में धुआं और तेज लपटें फैल गईं। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण नियंत्रण पाने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सीतानदी रेंज के फॉरेस्ट गार्ड शिवा शुक्ला वन चौकीदारों और फील्ड स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। टीम लगातार आग बुझाने में जुटी रही। तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे राहत कार्य और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, पास के किसी खेत में लगाई गई आग पहाड़ी क्षेत्र तक फैल गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। गर्मी की शुरुआत और जंगल में सूखे पत्तों की अधिकता ने आग को और भड़काने का काम किया।

वन विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment