दुर्ग: जिले के जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही से नवजात की मौत का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली थाना दुर्ग में महिला के पति और परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, कैंप-1 निवासी करिश्मा को प्रसव पीड़ा होने पर 7 फरवरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा कम होने के कारण डॉक्टरों ने दो दिन तक इंतजार कराया और इस दौरान दर्द के इंजेक्शन दिए जाते रहे। 10 फरवरी की सुबह करीब 3 बजे करिश्मा ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन जन्म के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ गई और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया।
परिजनों का कहना है कि आईसीयू इंचार्ज ने उन्हें बताया कि अधिक दबाव के कारण बच्चे के सिर और सीने में चोट आई है, जिससे उसकी हालत गंभीर है। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद बच्चे की मौत की जानकारी अनौपचारिक रूप से दी गई, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति स्पष्ट नहीं की और नवजात को वेंटिलेटर पर रखा गया।
परिजनों ने 10 फरवरी की सुबह सिविल सर्जन आशीष मिंज से शिकायत की। इसके बाद सुबह करीब साढ़े 8 बजे नवजात को मृत घोषित किया गया।
मामले में परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155233
Total views : 8175508