बिलासपुर में युवक ने की आत्महत्या, प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिलासपुर: शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा सोमवार देर शाम तब हुआ, जब उसके दोस्त उससे मिलने पहुंचे।

मृतक की पहचान आकाश कुमार पंडा (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमलीडीह (घरघोड़ा, जिला रायगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आकाश कपिल नगर में अकेले रहकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार शाम जब उसके दोस्त कमरे पर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और मोबाइल पर कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।

संदेह होने पर दोस्तों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां आकाश का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल सरकंडा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने रायगढ़ से बिलासपुर पहुंचने तक दरवाजा न खोलने का आग्रह किया। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पंचनामा की कार्रवाई की।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

September 2026
S M T W T F S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

Leave a Comment