लखीमपुर खीरी: घने कोहरे के कारण हुए एक भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलट गया, जिससे चालक सहित तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के बसंतापुर गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, धौरहरा कोतवाली क्षेत्र से खमरिया थाना क्षेत्र के रेहुआ गांव जा रहा ई-रिक्शा देर रात करीब एक बजे घने कोहरे की वजह से बसंतापुर के पास डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा में सवार सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो धौरहरा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
हादसे में ई-रिक्शा चालक इस्राइल (20 वर्ष) निवासी रसूलपुर, खुशबू (15 वर्ष), अबु तालिब (8 वर्ष) और अजरा (1 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अजरा, वारिश की नातिन बताई जा रही है। वहीं अकील (16), सादिया (23), साकिया (16), निदा (4) और किस्मतुन (38) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल धौरहरा रविंद्र सोनकर ने बताया कि घने कोहरे के चलते ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8154790
Total views : 8174816