शोएब ढेबर पर FIR दर्ज, स्कूल संचालक से मारपीट और धमकी का आरोप

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: राजधानी रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर का नाम एक बार फिर विवादों में आ गया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक की कार को टक्कर मारने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा, जो विधायक कॉलोनी, तेलीबांधा के निवासी हैं और विशेष बच्चों का एक स्कूल संचालित करते हैं, राम मंदिर (VIP रोड) दर्शन के बाद अपनी कार क्रमांक CG-04-PY-5003 के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक इनोवा/इंडेवर कार ने लापरवाहीपूर्वक उनकी गाड़ी को स्क्रेच मार दिया।

आरबी मिश्रा ने जब कार चालक को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही, तो आरोप है कि कार चला रहे शोएब ढेबर ने बीच सड़क पर वाहन रोककर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे विवाद का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाना पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी विवादों में रह चुका है नाम

गौरतलब है कि शोएब ढेबर का नाम इससे पहले भी कई विवादित और आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।
7 अगस्त 2025 को वह बिना अनुमति जेल परिसर में प्रवेश कर गया था और जेल कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने उस पर कैदियों से मुलाकात पर प्रतिबंध लगाया था, बाद में गंज थाना में केस भी दर्ज किया गया था।

इसके अलावा 19 सितंबर 2024 को जूक क्लब में पार्किंग विवाद के बाद मारपीट के मामले में तेलीबांधा पुलिस ने शोएब को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं करीब पांच साल पहले आईपी क्लब में मारपीट और फायरिंग के एक मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। मंदिर हसौद थाने में दर्ज केस के तहत उस पर कार्रवाई की गई थी।

लगातार विवादों और आपराधिक मामलों में नाम आने के बावजूद शोएब ढेबर का फिर से इस तरह की घटना में शामिल होना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *