रायगढ़: शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में रेड कार्रवाई कर देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। यह सप्ताह भर के भीतर पीटा एक्ट के तहत की गई तीसरी प्रभावी कार्रवाई बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोईरदादर क्षेत्र में रहने वाला नारायण वैष्णव बाहर से महिलाओं को बुलाकर अपने मकान में अनैतिक देह व्यापार का संचालन कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देश पर एक पुलिस प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा गया। तय संकेत मिलते ही थाना चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
रेड के दौरान मकान के अंदर आरोपी नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला मौजूद मिली। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने मकान में पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाता था और देह व्यापार कराता था, जबकि स्वयं दलाली सहित पूरे संचालन का प्रबंधन करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹2,000 नकद, दो मोबाइल फोन (ओप्पो और रेडमी) तथा आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। थाना चक्रधरनगर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायण वैष्णव पिता भुवनेश्वर वैष्णव, उम्र 55 वर्ष, निवासी बोईरदादर चर्च के पास, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक जी.एल. साहू, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, शांति मिरी, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल व नवीन शुक्ला तथा महिला थाना से मालती पैंकरा, महिला आरक्षक इंदुलता एक्का एवं एलीसा टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Deepak Mittal









