रायपुर: छत्तीसगढ़ में शनिवार को अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिलों से हादसों की खबर सामने आई है।
राजनांदगांव: मड़ई मेला से लौटते समय हादसा, मामा-भांजों समेत 3 की मौत
पहली घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र की है। दुर्ग जिले के ग्राम धनीद निवासी सूरज यादव (24) अपनी बहन के घर ग्राम जराही आया हुआ था। शनिवार शाम करीब 4 बजे वह अपने भांजों के साथ ग्राम थनौद से मड़ई मेला देखकर वापस जराही लौट रहा था। इसी दौरान धनांश इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के सामने ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे पीछे चल रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज यादव और उसके दो भांजों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।
जांजगीर-चांपा: तीन ट्रेलरों की टक्कर, चालक जिंदा जला
दूसरी घटना जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र की है। अकलतरा–बलौदा मेन रोड पर कोटगढ़ के पास शनिवार सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर में आग लग गई, जिसमें ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सूरजपुर: तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों को मारी टक्कर, एक की मौत
तीसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। बैकुंठपुर रोड पर सूतिया नाला के पास शनिवार रात तेज रफ्तार धान से लदे पिकअप वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8181543
Total views : 8213427