बिलासपुर: सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर एक शादीशुदा महिला को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर दो बच्चों की मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार निवासी राधेश्याम यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 वर्ष पहले उनका प्रेम विवाह गांव की रंजिता यादव से हुआ था। दंपती के दो बच्चे हैं। 19 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे रंजिता यादव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया इंस्टाग्राम के माध्यम से रंजिता की दोस्ती तखतपुर के खैरी निवासी सौरभ विश्वास, पिता दीपक विश्वास से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसी दौरान आरोपी युवक ने महिला के निजी फोटो अपने मोबाइल में ले लिए और बाद में उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
ब्लैकमेलिंग के डर से रंजिता यादव आरोपी को करीब 2 लाख रुपये दे चुकी थी, इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसों की मांग कर रहा था। 19 जनवरी को आरोपी ने महिला के मोबाइल पर अपना बैंक अकाउंट और बारकोड भेजकर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया था।
मामले की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर जांच की। जांच के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर शनिवार को आरोपी सौरभ विश्वास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162681
Total views : 8187190