पलामू: झारखंड के पलामू जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी की जबरन शादी 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति से करा दी। इतना ही नहीं, आरोपी मां ने बेटी को पिता की मौत की झूठी खबर देकर गुमराह किया और बाद में अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
यह मामला नावाजयपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार, उसकी मां का एक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अपने स्वार्थ और रास्ते की बाधा हटाने के लिए मां ने मासूम बेटी को अधेड़ व्यक्ति के हवाले कर दिया।
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने उसे बताया था कि गुजरात के सूरत में मजदूरी करने वाले उसके पिता की मौत हो गई है। इसी झूठ के आधार पर करीब दो महीने पहले उसे बिश्रामपुर निवासी प्रभाकर कुमार मिश्रा (55 वर्ष) के पास भेज दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब लड़की के पिता सूरत से वापस घर लौटे। घर पहुंचने पर जब बेटी नहीं मिली, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। पिता जब बेटी तक पहुंचे और उसे घर वापस लाए, तब पीड़िता ने रोते हुए मां की साजिश और अपने साथ हुई प्रताड़ना की पूरी कहानी बताई।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सदर थाना पुलिस ने छापेमारी कर प्रभाकर कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग को मेदिनीनगर के श्रीराम पथ इलाके में किराये के मकान में रखे हुए था।
आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नाबालिग को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया है, जहां उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है।
मां अब भी फरार
बताया जा रहा है कि बेटी को अधेड़ व्यक्ति के हवाले करने के बाद आरोपी मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
यह मामला समाज में बच्चों की सुरक्षा और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8202759
Total views : 8241274