मुंबई: सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को एक बार फिर जोरदार तेजी देखने को मिली। तेजी के चलते सोना 1.51 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया, जबकि चांदी का भाव 2.63 लाख रुपए प्रति किलो के ऊपर पहुंच गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 2,783 रुपए की बढ़त के साथ 1,51,529 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई, जो इससे पहले 1,48,746 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। वहीं 22 कैरेट सोना 2,550 रुपए महंगा होकर 1,38,801 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। 18 कैरेट सोने का दाम भी 2,087 रुपए बढ़कर 1,13,647 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
चांदी की बात करें तो इसके भाव में 4,465 रुपए की तेजी आई है। इसके साथ ही चांदी 2,63,965 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई, जो पहले 2,59,500 रुपए प्रति किलो थी।
हाल के दिनों में कीमती धातुओं में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। हाजिर बाजार में सोना 1,76,121 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3,85,933 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई स्तर छू चुकी है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी तेजी का रुख बना हुआ है। सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 5.68 प्रतिशत बढ़कर 1,52,174 रुपए हो गई, जबकि चांदी के 5 मार्च 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में 13.14 प्रतिशत की उछाल के साथ भाव 2,67,298 रुपए पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोने की कीमत 6.09 प्रतिशत बढ़कर 4,936 डॉलर प्रति औंस और चांदी 12.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी विशेषज्ञ जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, कॉमेक्स में आई तेज तेजी का असर घरेलू बाजार पर भी दिखा, जिससे एमसीएक्स पर सोने के दाम करीब 8,000 रुपए तक उछले। उन्होंने कहा कि यह संकेत है कि निवेशकों की ओर से सोने में दोबारा खरीदारी शुरू हो गई है।
उन्होंने आगे बताया कि इस सप्ताह अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल और बेरोजगारी आंकड़ों पर बाजार की नजर रहेगी, क्योंकि ये फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति को प्रभावित कर सकते हैं। तकनीकी तौर पर सोने को 1,45,000 रुपए के आसपास मजबूत सपोर्ट मिल रहा है, जबकि 1,55,000 रुपए के स्तर पर रुकावट देखने को मिल सकती है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8153630
Total views : 8172926