रायपुर : राज्य में निजी (प्राइवेट) स्कूलों की लोकल कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं अब जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के माध्यम से कराई जाएंगी। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं


जारी निर्देशों के अनुसार कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं, 7वीं, 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं निर्धारित नियमों के तहत संचालित की जाएंगी। परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र निर्माण, मूल्यांकन तथा परिणाम तैयार करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से तय प्रक्रिया के अनुसार होगी।
शिक्षा विभाग का उद्देश्य निजी विद्यालयों में परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, एकरूप और अनुशासित बनाना है, ताकि सभी विद्यार्थियों का मूल्यांकन समान मापदंडों के आधार पर किया जा सके। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित निजी विद्यालयों को जारी गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
साथ ही जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में निजी विद्यालयों की परीक्षा व्यवस्था की निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। शिक्षा विभाग के इस निर्णय से निजी स्कूलों की परीक्षा प्रणाली पर प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत होगा और विद्यार्थियों को निष्पक्ष मूल्यांकन का लाभ मिलेगा।
जारी मुख्य दिशा-निर्देश:
जिले में कक्षा 1ली, 2री, 3री, 4थी, 6वीं, 7वीं, 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे।
जिला स्तर पर जिला स्तरीय संचालन समिति, प्रश्नपत्र निर्माण समिति एवं मॉडरेशन समिति का गठन 05 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
इन कक्षाओं की परीक्षाओं में राज्य के समस्त शासकीय विद्यालय, अनुदान प्राप्त विद्यालय एवं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध अशासकीय गैर-अनुदान प्राप्त विद्यालय (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे।
सीबीएसई, आईसीएसई एवं भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध गैर-अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालय इस व्यवस्था में शामिल नहीं होंगे।
प्रश्नपत्रों का निर्माण कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के निर्धारित ब्लूप्रिंट के अनुरूप किया जाएगा।
परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए सेम्पल प्रश्नपत्रों का निर्माण कर छात्र-छात्राओं को अभ्यास कराया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8169963
Total views : 8198094