शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमिका के साथ रहने की सनक में एक युवक इस हद तक अंधा हो गया कि उसने सात साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे का गला घोंटकर शव को बंद पड़ी कोयला खदान में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोइशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली नंदनी कोल से प्रेम संबंध था। आरोपी नंदनी के साथ रहना चाहता था, लेकिन उसके दो छोटे बच्चे इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी कारण उसने बच्चों को रास्ते से हटाने की साजिश रची और पहले सात वर्षीय ऋतिक कोल को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी मासूम ऋतिक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में ले जाकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पानी से भरी खदान में फेंक दिया।
पिछले पांच दिनों से लापता बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
एसडीओपी विकास पाण्डेय ने बताया कि प्रेमिका को पाने की मंशा से आरोपी ने उसके बेटे की हत्या की थी। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243771
Total views : 8292834