‘शोर थमने पर दो स्वाभाविक साझेदार साथ आते हैं’: भारत-अमेरिका ट्रेड डील से उद्योग जगत में उत्साह

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते का देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने जोरदार स्वागत किया है। उद्योग जगत का मानना है कि भारतीय उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने से दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक रिश्ते और अधिक मजबूत होंगे, साथ ही निवेश व सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “धीरे लेकिन सही तरीके से आगे बढ़ने के फायदे एक बार फिर सामने आए हैं। जब शोर-शराबा खत्म होता है, तो दो स्वाभाविक साझेदार साथ आते हैं।” उन्होंने इस समझौते को दीर्घकालिक साझेदारी की दिशा में अहम कदम बताया।

आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस व्यापार समझौते के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि टैरिफ में कमी से भारत-अमेरिका के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने अमेरिका में निवेश और मौजूदगी बढ़ाने के प्रति अपने समूह की प्रतिबद्धता भी दोहराई, जहां नवाचार और विकास की अपार संभावनाएं हैं।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आशीष कुमार चौहान ने इस समझौते को कारोबार, सप्लाई चेन और द्विपक्षीय साझेदारी के लिए “बड़ी जीत” करार दिया। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक व्यापार के लिहाज से भी एक सकारात्मक और स्वागतयोग्य कदम है। नेताओं के बीच बातचीत के बाद भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत किया गया है, जिससे व्यापार को बड़ा लाभ मिलेगा।

महिंद्रा ग्रुप के ग्रुप सीईओ और प्रबंध निदेशक डॉ. अनीश शाह ने भी इस समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि पारस्परिक शुल्क में तत्काल कटौती और शुल्क व गैर-शुल्क बाधाओं को चरणबद्ध तरीके से कम करने की प्रतिबद्धता से विकास को गति मिलेगी और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक वृद्धि के दौर में यह समझौता भारत की विकास महत्वाकांक्षाओं को नई रफ्तार देगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में घोषणा की थी कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अमेरिका में केवल 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की पुष्टि की है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत शानदार रही और जब दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो इसका लाभ दोनों देशों की जनता को मिलता है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment