रायपुर: छत्तीसगढ़ के शैक्षिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में एक नई अंतरिक्ष क्रांति की शुरुआत होने जा रही है। जिला प्रशासन रायपुर और IDYM फाउंडेशन द्वारा, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सहयोग से “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के तहत प्रदेश के पहले अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र की स्थापना की जा रही है। नवा रायपुर स्थित यह अंतरिक्ष केंद्र 3 फरवरी को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी में सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों लोकार्पित होगा।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक और आधुनिक स्पेस रिसर्च से सीधे जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। अंतरिक्ष केंद्र के माध्यम से छात्रों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान मिलेगा, बल्कि उपग्रह निर्माण, परीक्षण और संचालन की वास्तविक प्रक्रिया को भी नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर भारत के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष यात्री, अशोक चक्र से सम्मानित एवं भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ टेस्ट पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। गगनयान मिशन के अग्रणी नायकों में शामिल ग्रुप कैप्टन शुक्ला “प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब की विशेष उपस्थिति रहेगी। नवा रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र ISRO मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी, ग्राउंड स्टेशन और मिशन कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था रहेगी, जहां विद्यार्थी उपग्रह के डिजाइन, असेम्बली, परीक्षण और सिग्नल व डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
“प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी” का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर वास्तविक वैज्ञानिक प्रयोगों से जोड़ना, राज्य में अनुसंधान और नवाचार की संस्कृति को सशक्त करना तथा छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी और रिसर्च के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करना है। यह अंतरिक्ष केंद्र प्रदेश के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उन्हें वैश्विक मंच पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8167603
Total views : 8194921