माघी पूर्णिमा पर संगम में श्रद्धालुओं का सैलाब, तड़के से ही उमड़ी लाखों की भीड़

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

प्रयागराज: माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रयागराज के संगम तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार तड़के से ही गंगा तटों पर भारी भीड़ जुटने लगी और अलसुबह संगम नोज पर पवित्र स्नान करने वालों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह होते-होते गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाने वालों का तांता लग गया।

पौष पूर्णिमा से माघ माह तक कल्पवास करने वाले श्रद्धालु माघी पूर्णिमा का स्नान कर अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान करेंगे। संगम नोज से लाइव रिपोर्टिंग कर रहे अमर उजाला के वरिष्ठ रिपोर्टर मुनेंद्र वाजपेई के अनुसार, सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ स्नान के लिए उमड़ पड़ी थी। सुबह छह बजे तक लाखों श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके थे।

माघ मेले के पांचवें स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर शुभ मुहूर्त सुबह से देर रात तक रहेगा। पूर्णिमा स्नान के साथ ही एक माह का कल्पवास संकल्प भी पूरा हो जाएगा। लंबे समय से संगम क्षेत्र में ठहरे कल्पवासी आज विदाई लेंगे। वहीं, जो श्रद्धालु मकर संक्रांति से कल्पवास कर रहे हैं, वे महाशिवरात्रि तक संगम क्षेत्र में ही रहेंगे।

प्रशासन का अनुमान है कि माघी पूर्णिमा के दिन 24 घाटों पर 50 से 70 लाख श्रद्धालु स्नान करेंगे, हालांकि यह संख्या एक करोड़ के पार भी जा सकती है। उधर, कल्पवासियों के शिविरों में रविवार को सत्यनारायण कथा का आयोजन किया जाएगा। कई शिविरों में रामचरितमानस के अखंड पाठ का समापन भी आज भंडारे के साथ होगा।

माघी पूर्णिमा पर संगम तट पर श्रद्धा, आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

February 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728

Leave a Comment