कांकेर: जिले के पखांजूर क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी का दबाव बनाने से परेशान होकर अपनी ही प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद शव को जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 16 नवंबर 2025 की है। मृतिका की पहचान संगीता उसेंडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संगीता लगातार अपने प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात से परेशान होकर युवक ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद युवती के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। कुछ दिन पहले बड़ेकापसी के जंगल में एक कंकाल बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त बाद में संगीता उसेंडी के रूप में की गई। कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग आरोपी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8150790
Total views : 8168239