दुर्ग: दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक ग्राफिक्स डिजाइनर ने आत्महत्या कर ली। मृतक ने मौत से पहले फेसबुक पर एक टेक्स्ट पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी आत्महत्या के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है। युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने उसकी गर्लफ्रेंड पर तांत्रिक क्रिया (जादू-टोना) कराई थी और वह लंबे समय से घरेलू हिंसा का भी शिकार था।
मृतक की पहचान भोज नारायण (36) के रूप में हुई है, जो भिलाई स्थित रुंगटा कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि भोज नारायण शादीशुदा था, लेकिन उसका कॉलेज में काम करने वाली एक महिला प्यून से प्रेम संबंध था। वह महिला भी शादीशुदा थी। इस रिश्ते की जानकारी भोज की पत्नी को थी, जिसका वह लगातार विरोध कर रही थी।
घटना 28 जनवरी की बताई जा रही है, जब भोज नारायण ने आत्महत्या कर ली। हालांकि अब उसका फेसबुक पर लिखा गया सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पोस्ट में भोज ने लिखा है कि वह पत्नी से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है और उसकी मौत के लिए परिवार के अन्य किसी सदस्य की कोई जिम्मेदारी नहीं है। उसने अपनी पत्नी को ही पूरी तरह दोषी ठहराया है और यह भी लिखा है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को बचाने के लिए जान दे रहा है।
फेसबुक पोस्ट के साथ भोज नारायण ने एक ड्राइव लिंक भी साझा किया है, जिसमें पत्नी और अन्य लोगों से जुड़े कुछ चैट के स्क्रीनशॉट होने का दावा किया गया है। इन चैट्स में तांत्रिक क्रिया कराने और प्रताड़ना से जुड़े आरोप होने की बात कही जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जामुल थाना पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट व ड्राइव लिंक में मौजूद सामग्री की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









