कोर्ट से बाहर सुलझेगा विवाद, थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज़ का रास्ता साफ

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

मनोरंजन: लंबे समय से कानूनी विवादों में फंसी थलपति विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। फिल्म की रिलीज़ में हो रही लगातार देरी को देखते हुए मेकर्स ने अब मामला कोर्ट के बाहर सुलझाने का फैसला किया है, ताकि फिल्म जल्द से जल्द दर्शकों तक पहुंच सके।

कॉलीवुड मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, KVN प्रोडक्शंस ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) द्वारा फिल्म को रिवाइज्ड स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजे जाने के फैसले के खिलाफ दायर कोर्ट केस को वापस लेने का निर्णय लिया है। यही मामला आगे चलकर बोर्ड और फिल्म टीम के बीच बड़े कानूनी विवाद में बदल गया था, जिससे फिल्म की रिलीज़ टलती चली गई।

सूत्रों के अनुसार, यह अहम फैसला थलपति विजय से विचार-विमर्श के बाद लिया गया। दरअसल, मद्रास हाई कोर्ट द्वारा सिंगल जज के आदेश को रद्द कर मामले को दोबारा सुनवाई के लिए भेजे जाने के बाद फिल्म की रिलीज़ डेट और ज्यादा अनिश्चित हो गई थी। ऐसे में मेकर्स को लगा कि लंबा कानूनी संघर्ष फिल्म के थिएट्रिकल भविष्य को और नुकसान पहुंचा सकता है।

बताया जा रहा है कि प्रोडक्शन हाउस ने अब CBFC के साथ आपसी सहमति से मामला सुलझाने और सेंसर सर्टिफिकेशन के लिए रिवाइजिंग कमेटी के सामने फिल्म पेश करने का फैसला किया है। इसके साथ ही, मेकर्स ने CBFC द्वारा सुझाए गए सभी जरूरी बदलाव और संशोधन लागू करने पर भी सहमति जताई है।

हाई कोर्ट के हालिया आदेश के बाद ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना था कि फिल्म तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद ही रिलीज़ हो पाएगी, लेकिन अब टीम ने देरी से बचने का रास्ता निकाल लिया है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही जन नायकन की नई रिलीज़ डेट की घोषणा की जाएगी।

एच विनोद के निर्देशन में बनी और वेंकट के. नारायण द्वारा निर्मित जन नायकन को एक पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर बताया जा रहा है, जो तेलुगु फिल्म भगवंत केसरी से प्रेरित है। फिल्म में थलपति विजय के साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और मामिता बैजू अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म पहले पोंगल के मौके पर 9 जनवरी को रिलीज़ होने वाली थी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment