डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर ने बच्चों संग मनाया जन्मदिवस, न्योता भोज बना स्नेह और संवेदना का उदाहरण

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

दल्लीराजहरा,प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच मानवीय संवेदनाओं की सुंदर मिसाल उस समय देखने को मिली, जब बालोद जिले की डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर दल्लीराजहरा के शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला एवं कन्या प्राथमिक शाला चिखलाकसा, संकुल केंद्र चिखलाकसा, विकासखंड डौंडी में न्योता भोज का आयोजन किया।


कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात संकुल प्राचार्य पी.के. नायक द्वारा डिप्टी कलेक्टर का स्वागत किया गया। जन्मदिवस को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए प्राची ठाकुर ने विद्यालय की बालिकाओं के साथ केक काटकर उत्साह और अपनत्व के साथ यह दिन मनाया।


कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कलेक्टर ने बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और उनसे आत्मीय संवाद किया। विद्यालय के कुल 123 बच्चों के साथ बैठकर उन्होंने स्वयं भोजन ग्रहण किया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और आनंद देखने को मिला। भोजन में खीर, पूड़ी, बड़ा, दाल, सब्जी, टमाटर चटनी, चावल, पापड़, सलाद एवं केक शामिल रहा, जिसका सभी बच्चों ने भरपूर आनंद लिया।


इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर द्वारा बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम का मंच संचालन संकुल समन्वयक वेद प्रकाश यदु (कुंआगोंदी) एवं सुरेंद्र कुमार (चिखलाकसा) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हेमन्त गुप्ता, नीलिमा दत्ता, घसूराम सोरी, महेश बंसोड़े, सीमांचल मुनि, राजेश कुमार भेड़िया, विजयलक्ष्मी सोनी एवं जे. चन्द्रप्रभा बढ़ाई का विशेष योगदान रहा।


न्योता भोज के माध्यम से डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर ने यह संदेश दिया कि प्रशासन केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील सहभागिता का भी नाम है। यह आयोजन बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बना, वहीं समाज में सकारात्मक सोच और प्रेरणा का संदेश भी छोड़ गया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment