सारण (बिहार): सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास हुई, जहां अपराधियों ने नजदीक से गोली मारकर युवक की जान ले ली और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शक्तिनगर मोहल्ला निवासी विकास कुमार तिवारी के रूप में हुई है। विकास इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया गया कि वह मंगलवार को किसी काम से पटना गया था और देर रात लौटकर घर जा रहा था, तभी कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास उस पर हमला कर दिया गया। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। नगर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नाला निर्माण को लेकर हुए आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। इसी विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें एक व्यक्ति को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8150962
Total views : 8168555