संसद का बजट सत्र आज से शुरू, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी संयुक्त बैठक को संबोधित

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र बुधवार से औपचारिक रूप से शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के साथ होगी। यह सत्र 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा और इसे दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश कर सकती हैं। खास बात यह है कि 1 फरवरी इस बार रविवार को पड़ रहा है, जिसके चलते संसद में विशेष इंतज़ाम किए जाएंगे। वहीं, अर्थव्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करने वाला आर्थिक सर्वेक्षण 29 जनवरी को संसद में पेश किए जाने की संभावना है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया था कि राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा।

सरकार के अनुसार, दो चरणों में होने वाला यह सत्र बजट और अन्य अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा का अवसर देगा। अवकाश के दौरान स्थायी समितियों में विधेयकों और प्रस्तावों की गहन समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद दूसरे चरण में वित्तीय विधेयकों पर अंतिम चर्चा और पारित किए जाने की प्रक्रिया पूरी होगी।

यह बजट सत्र ऐसे समय में हो रहा है, जब सरकार का फोकस आर्थिक विकास, राजकोषीय स्थिरता, बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन और सतत विकास जैसे अहम मुद्दों पर है। सत्र के दौरान कर व्यवस्था, सार्वजनिक खर्च और नीतिगत सुधारों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गहन बहस होने की उम्मीद है। पूरे सत्र में संसद की कुल 30 बैठकें प्रस्तावित हैं।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment