राजनांदगांव: प्रेम-प्रसंग को शादी में बदलने का दबाव बना रही युवती की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। खैरागढ़ जिले के हरडुवा क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह घटना 26 जनवरी की दोपहर की बताई जा रही है। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में लोग व्यस्त थे, तभी खैरागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा बांध में पानी के भीतर एक युवती का शव तैर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवती के सिर पर गंभीर चोट के कई निशान थे और शव दुपट्टे से एक बड़े पत्थर में बंधा हुआ था। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल से मिले आधार कार्ड और मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर मृतका की पहचान नए रामनगर निवासी 21 वर्षीय रूपा साहू के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे।
जांच में सामने आया कि रूपा का हरडुवा निवासी आनंद वर्मा से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती लगातार उससे शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे आरोपी परेशान था। पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी को रूपा आनंद से मिलने उसके गांव पहुंची थी। इसके बाद दोनों हरडुवा बांध की ओर गए, जहां आरोपी ने पत्थर से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को दुपट्टे से पत्थर में बांधकर पानी में फेंक दिया गया, लेकिन शव पानी में तैरकर बाहर आ गया, जिससे वारदात उजागर हो गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि चार महीने पहले भी मृतका विवाह के दबाव को लेकर आरोपी के घर पहुंची थी, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ था और आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया था। इसके बाद से दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी आनंद वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









