बांदा/यूपी: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां भाई और बहन ने एक साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों के परिजनों ने चाचा-चाची पर आत्महत्या के लिए उकसाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला नरैनी कोतवाली क्षेत्र का है।
मृतकों की पहचान 34 वर्षीय चंचल गुप्ता उर्फ शुभ्रता और 30 वर्षीय आनंद प्रकाश गुप्ता उर्फ सोम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों स्कूटी से बरछा गांव के पास बागै नदी किनारे पहुंचे और वहां जहर खा लिया। देर शाम चरवाहों ने दोनों को अचेत हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही सीओ नरैनी और कालिंजर थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया।
मकान विवाद से जुड़ा मामला
मृतकों के पिता प्रकाशचंद्र गुप्ता ने बताया कि नरैनी कस्बे के शास्त्री नगर स्थित मकान को लेकर तहसील में मुकदमा चल रहा था, जिसमें हाल ही में फैसला चाचा-चाची के पक्ष में आया था। आरोप है कि फैसले के बाद चाचा-चाची ने मकान खाली करने का दबाव बनाया और सोमवार को इसी बात को लेकर विवाद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि चाची ने भाई-बहन को जहर की पुड़िया देकर आत्महत्या के लिए उकसाया और आपत्तिजनक शब्द कहे। इस घटना से आहत होकर दोनों ने जान दे दी।
पारिवारिक विवाद की लंबी पृष्ठभूमि
जानकारी के अनुसार, यह विवाद पैतृक मकान और जमीन के बंटवारे से जुड़ा हुआ था। मृतकों के चाचा-चाची के बीच पहले भी घरेलू हिंसा और भरण-पोषण को लेकर मामला कोर्ट में चल चुका है। 19 जनवरी को आए फैसले के बाद पारिवारिक कलह और बढ़ गई थी।
पुलिस का बयान
इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घरेलू विवाद का मामला लग रहा है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8150968
Total views : 8168561