महिला क्रिकेटर पर 12 लाख का जुर्माना, WPL में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान पर गिरी गाज

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

नई दिल्ली:महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गुजरात जायंट्स के खिलाफ 3 रन की करीबी हार के बाद दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई धीमे ओवर रेट के चलते की गई है।

महिला प्रीमियर लीग की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह जुर्माना लीग के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत न्यूनतम ओवर रेट नियमों के उल्लंघन के कारण लगाया गया है। लीग ने स्पष्ट किया कि मौजूदा सत्र में यह जेमिमा रोड्रिग्स का पहला ओवर रेट अपराध है।

हार और जुर्माने का असर दिल्ली कैपिटल्स के पूरे अभियान पर साफ दिख रहा है। टीम 7 मैचों में 6 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर खिसक गई है। वहीं, दिल्ली का नेट रन रेट -0.164 हो गया है, जिससे प्लेऑफ की राह और कठिन हो गई है।

प्लेऑफ में जगह बनाए रखने के लिए दिल्ली कैपिटल्स को अब 1 फरवरी को यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ होने वाले अपने आखिरी लीग मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली की शुरुआत खराब रही थी, लेकिन स्नेह राणा और युवा बल्लेबाज निकी प्रसाद ने शानदार संघर्ष दिखाया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 70 रनों की अहम साझेदारी की। स्नेह राणा ने 15 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि निकी प्रसाद ने 24 गेंदों पर 47 रनों की तेज पारी खेली।

हालांकि अंतिम ओवर में गुजरात जायंट्स की अनुभवी ऑलराउंडर सोफी डिवाइन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल 9 रन दिए और दिल्ली की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ गुजरात जायंट्स ने दिल्ली के खिलाफ इस सीजन का डबल भी पूरा कर लिया।

मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 8 विकेट पर 171 रन ही बना सकी और मुकाबला 3 रन से हार गई।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment