इंस्टाग्राम पर बातचीत को लेकर विवाद, पति के विरोध के बाद पत्नी ने की आत्महत्या की कोशिश

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायगढ़: इंस्टाग्राम पर एक युवक से बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, चमेली विश्वास और सुमित विश्वास रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के निवासी हैं। दोनों ने करीब पांच साल पहले लव मैरिज की थी और उनके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि चमेली की इंस्टाग्राम पर एक युवक से पहचान हुई, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। जब इस बात की जानकारी पति को हुई तो दंपती के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के बाद महिला कुछ समय के लिए मायके चली गई थी, हालांकि सामाजिक समझाइश के बाद वह वापस लौट आई और दोनों साथ रहने लगे।

आरोप है कि इसके बावजूद चमेली उस युवक से बातचीत करती रही। इसी बीच पति ने बातचीत की जानकारी के लिए उसका मोबाइल हैक कर लिया, जिससे फिर विवाद हुआ। तनाव बढ़ने पर चमेली ने जान देने की नीयत से जहर का सेवन कर लिया। परिजनों ने पहले उसे धरमजयगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

इस मामले में जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

वहीं, एक अन्य घटना में कोरबा के सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली दो साल की बच्ची ने खेल-खेल में कीटनाशक पी लिया। परिजनों ने उसे तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत अब स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment