संपत्ति विवाद में सास की हत्या, बहू निकली साजिशकर्ता; 3 सुपारी किलर गिरफ्तार

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

बिहार: नवादा जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां संपत्ति विवाद के चलते एक बहू ने अपनी ही सास की हत्या की साजिश रचकर उसे अंजाम दिलवा दिया। नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर मोहल्ले में हुई बुजुर्ग महिला की चाकू गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने साजिशकर्ता बहू समेत तीन सुपारी किलरों को गिरफ्तार किया है।

यह घटना 22 नवंबर 2025 की देर शाम की है। राजेंद्र नगर मोहल्ले की रहने वाली सावित्री देवी और उनकी बेटी प्रांजलि पासवान पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। हमले में सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनकी बेटी भी बुरी तरह जख्मी हो गई। इलाज के दौरान सावित्री देवी की मौत हो गई, जबकि प्रांजलि की जान बच गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

सूचना मिलते ही सदर डीएसपी हुलास कुमार, नगर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतका के बेटे बबलू पासवान की शिकायत पर नगर थाना कांड संख्या 1211/25 दर्ज कर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जांच शुरू की गई। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर करीब दो महीने बाद इस हत्याकांड का सफल उद्भेदन किया।

मुख्यालय डीएसपी निशु मलिक ने बताया कि जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, बबलू पासवान की पत्नी सोनी कुमारी उर्फ निक्की कुमारी ही इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता थी। उसने अपनी बहन के बेटे लक्की राजकुमार को 50 हजार रुपये में अपनी सास की हत्या की सुपारी दी थी। सुपारी मिलने के बाद लक्की राज अपने दो साथियों के साथ गया जी से नवादा पहुंचा और तीनों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया, फिर फरार हो गए।

पूछताछ में बहू सोनी उर्फ निक्की कुमारी ने बताया कि उसकी सास घर और जमीन बेचना चाहती थी। इसके अलावा वह पति से हर महीने आधा वेतन लेती थी और अन्य पारिवारिक कारणों से वह सास से परेशान थी। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची।

पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता बहू सोनी उर्फ निक्की कुमारी के साथ तीन सुपारी किलरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गया जी जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के गुनेरी मोहल्ला निवासी लक्की राज उर्फ बबलू, बांके बाजार थाना क्षेत्र के जोंघी मोहल्ला निवासी नीरज कुमार और सन्नी कुमार शामिल हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर पारिवारिक कलह और संपत्ति विवाद के खतरनाक अंजाम को उजागर करती है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

November 2026
S M T W T F S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *