महासमुंद: बसना थाना क्षेत्र के ग्राम सिरको स्थित शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान में शनिवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। चावल खाली करने आए एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से 82 वर्षीय सहायक सेल्समैन गजेंद्र तांडी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रक दुकान के लोहे के ग्रिल गेट और दीवार से भी जा टकराया, जिससे भवन को भारी नुकसान पहुंचा।
बसना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:40 बजे ट्रक (क्रमांक सीजी 04 जेबी 8699) राशन दुकान में चावल की आपूर्ति के लिए पहुंचा था। चावल खाली होने के बाद सहायक सेल्समैन गजेंद्र तांडी ट्रक के पीछे साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने ट्रक को तेज गति से रिवर्स किया, जिससे बुजुर्ग गजेंद्र को संभलने का मौका नहीं मिला और वे ट्रक के नीचे आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और बसना पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल गजेंद्र तांडी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8165709
Total views : 8191719