जगदलपुर में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो तालाब में पलटी, 3 खिलाड़ियों की मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

जगदलपुर: शहर से सटे कालीपुर इलाके में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर कालीपुर तालाब में पलट गई। कार में कुल सात युवक सवार थे, जिनमें से तीन की जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कालीपुर में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के बाद सभी युवक जश्न मनाने जंगल की ओर गए थे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। इसके बाद रात करीब 9 बजे सभी युवक अपने साथी मनीष को छोड़ने शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और स्कॉर्पियो सीधे तालाब में जा गिरी।

हादसे में भावेश नागे और शेखर नागे कार से बाहर नहीं निकल पाए और पानी में दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष नेवर को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तत्काल महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

कार चला रहा युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि अन्य सवारों को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतक युवकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment